
मुंबईः जेएनयू छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष और कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (सीपीआई) के टिकट पर बिहार की बेगूसराय लोकसभा सीट से चुनाव लड़ चुके कन्हैया कुमार मंगलवार को कांग्रेस में शामिल हो गए। वहीं कन्हैया कुमार के कांग्रेस में शामिल होने के बाद फिल्ममेकर अशोक पंडित ने कांग्रेस पार्टी पर जमकर निशाना साधा है।
फिल्ममेकर अशोक पंडित ने लिखा कि कांग्रेस के उन वरिष्ठ नेताओं के बारे में सोचकर बुरा लग रहा है जिन्होंने इस पार्टी को बनाने में मेहनत की थी। यही नहीं कन्हैया कुमार के पार्टी कांग्रेस में आने को लेकर कहा कि यह पार्टी नक्सलियों की पार्टी बन गई है जिसमें जल्द ही आतंकवादी भी शामिल होते दिखाई देंगे।अशोक पंडित ने ट्वीट किया- ‘कांग्रेस अब हारे हुए और अर्बन नक्सलियों की पार्टी बन गई है। इसके वरिष्ठ नेताओं के लिए बुरा लग रहा है जिन्होंने इस पार्टी को बनाने के लिए वास्तव में कड़ी मेहनत की है। बहुत जल्द हम यासीन मलिक और अन्य आतंकवादियों को इस पार्टी में शामिल होते देखेंगे।’
अशोक पंडित ने कन्हैया कुमार और गुजरात के विधायक जिग्नेश मेवाणी को अपने एक ट्वीट में संता-बंता नाम से संबोधित किया था। अशोक पंडित ने ये ट्वीट कन्हैया के कांग्रेस में शामिल होने से पहले किया था। फिल्ममेकर ने लिखा- ये लो संता-बंता निकले पड़े बीजेपी को फिर जिताने। बीजेपी की जीत के लिए कांग्रेस हमेशा बहुत मेहनत करती है।
बता दें कांग्रेस में शामिल होने के बाद कन्हैया कुमार ने दावा किया कि कांग्रेस ही महात्मा गांधी और भगत सिंह के सपने को बचा सकती है। पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की मौजूदगी में दिल्ली स्थित मुख्यालय में वो कांग्रेस में शामिल हुए। गुजरात के विधायक जिग्नेश मेवाणी भी कांग्रेस की सदस्यता लेने वाले थे लेकिन कुछ कारणों से स्थगित हो गया है।