
महाराष्ट्र के मंत्री और कांग्रेस नेता सुनील केदार कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं और उन्हें उपचार के लिए यहां एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कांग्रेस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
कांग्रेस की प्रदेश इकाई के प्रवक्ता अतुल लोंधे ने पीटीआई-भाषा को बताया, ‘‘ कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि के बाद बृहस्पतिवार शाम में उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया।’’ केदार, पशु पालन, डेयरी विकास और युवा कल्याण एवं खेल मंत्री हैं।
Advertisement
महाराष्ट्र सरकार में संक्रमित होने वाले वह छठे मंत्री हैं। अन्य मंत्री स्वस्थ हो चुके हैं। लोंधे ने कहा कि केदार पूर्वी विदर्भ के सावनेर से विधायक हैं और वह बाढ़ प्रभावित इलाकों में लोगों को राहत के लिए पिछले कुछ दिनों से जमीनी स्तर पर काम कर रहे थे।
Advertisement