
रिपब्लिक टीवी के एडिटर इन चीफ अर्नब गोस्वामी की गिरफ्तारी पर भाजपा के कार्यकर्ताओं में काफी आक्रोश हैं। अर्नब की गिरफ्तारी के मद्देनजर भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपना विरोध जताने कांग्रेस कार्यालय सदाकत आश्रम में पहुंच गए। भाजपा के प्रदर्शनकारियों ने कांग्रेस कार्यालय सदाकत आश्रम में हंगामा खड़ा कर दिया।
वहीं भाजपा कार्यकर्ताओं के विरोध प्रदर्शन पर कांग्रेस कार्यकर्ता भी बाहर निकल गए। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय सदाकत आश्रम में हंगामा होने लगा। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता ने विरोध प्रदर्शन कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं को लाठी से खदेड़ दिया।
किस मामले में हुई है अर्नब की गिरफ्तारी?
साल 2018 में अर्नब ने अपने दफ्तर- रिपब्लिक टीवी के स्टूडियो में इंटीरियर का काम करवाया था। जिस व्यक्ति ने इंटीरियर का जिम्मा लिया था, अर्नब ने उसके पैसे नहीं दिए थे। जिसके बाद आर्थिक तंगी के कारण 53 साल के इंटीरियर डिजाइनर अन्वय नाइक और उसकी मां ने आत्महत्या कर ली थी। अर्नब पर ये सभी आरोप उस शख्स की पत्नी ने लगाए हैं। इस मामले की जांच सीआईडी कर रही है।
अन्वय की पत्नी अक्षता ने इस साल मई में आरोप लगाया था कि उनके पति ने रिपब्लिक टीवी के स्टूडियो में इंटीरियर का काम किया था। इसके लिए 500 मजदूर लगाए गए थे, लेकिन अर्नब ने बाद में 5.40 करोड़ रुपए का भुगतान नहीं किया। इससे उनका परिवार तंगी में आ गया। परेशान होकर अन्वय ने अपनी बुजुर्ग मां के साथ खुदकुशी कर ली। अन्वय ने कथित तौर पर सुसाइड नोट में भी अर्नब और दो अन्य पर आरोप लगाया था।